डेली करेंट अफेयर्स क्विज 9 मार्च 2024

डेली करेंट अफेयर्स क्विज (Daily Current Affairs Quiz) इस लेख में 9 मार्च 2024 के करेंट अफेयर्स की महत्त्वपूर्ण प्रश्नोत्तरी हैं

डेली करेंट अफेयर्स क्विज (Daily Current Affairs Quiz) 9 मार्च 2024: प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए करेंट अफेयर्स (Current Affairs) से जुड़े महत्त्वपूर्ण सवाल तथा उनके जवाब इस लेख द्वारा उपलब्ध कराए गए हैं।

डेली करेंट अफेयर्स क्विज (Daily Current Affairs Quiz in Hindi): 9 मार्च 2024

प्रश्न 1. हाल ही में भारत-शक्ति अभ्यास का आयोजन राजस्थान के किस जिलें में किया जाएगा?

उत्तर – जैसलमेर

भारत-शक्ति अभ्यास का आयोजन एशिया की सबसे बड़ी फील्ड फायरिंग रेंज (जो राजस्थान के जैसलमेर जिले में स्थित है) में किया जाएगा। 12 मार्च 2024 को भारतीय सशस्त्र बल (थल सेना, नौसेना और वायु सेना) द्वारा आयोजित विश्व के सबसे बड़े अभ्यास में स्वदेश निर्मित हथियारों और प्लेटफार्मों की क्षमता का आंकलन किया जाएगा। भारतीय थल सेना का 100 फीसदी स्वदेशीकरण होने के बाद अब केंद्र सरकार द्वारा वायु सेना और नौसेना के लिए भी यही लक्ष्य रखा गया है। 

प्रश्न 2. पोषण पखवाड़ा 2024 का आयोजन किस मंत्रालय द्वारा किया जाएगा?

उत्तर – महिला एवं बाल विकास मंत्रालय

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय 9 मार्च से 23 मार्च तक पूरे भारतवर्ष में पोषण पखवाड़ा 2024 का आयोजन कर रहा है। इस 15 दिवसीय उत्सव के आयोजन का उद्देश्य आहार, पोषण और महिलाओं के स्वास्थ्य के बारे में जागरूकता फैलाना है। इस दौरान पोषण भी पढाई भी (पीबीपीबी), जनजातीय, पारंपरिक, क्षेत्रीय, स्थानीय आहार प्रथाएं और गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य और शिशु एवं छोटे बच्चे का आहार (आईवाईसीएफ) अभ्यास जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएगी।

प्रश्न 3. 2024 में धूम्रपान निषेध दिवस कब मनाया जाएगा?

उत्तर – 13 मार्च

धूम्रपान निषेध दिवस (नो स्मोकिंग डे), प्रतिवर्ष मार्च माह के दूसरे बुधवार को मनाया जाता है। इसके अनुसार यह दिवस इस वर्ष 13 मार्च को मनाया जाएगा। वर्तमान समय में अधिकतर युवा वर्ग धूम्रपान से ज्यादा प्रभावित है। यह दिवस धूम्रपान के दुष्प्रभावों को बताने और धूम्रपान छोड़ने के लिए प्रेरित करने का कार्य करता है। 2024 में नो स्मोकिंग डे की थीम है – ‘बच्चों को तंबाकू प्रोडक्ट्स से बचाना है’।

प्रश्न 4. इस वर्ष भारतीय राष्ट्रीय अभिलेखागार का कौनसा स्थापना दिवस मनाया जाएगा?

उत्तर – 134वां

11 मार्च को भारतीय राष्ट्रीय अभिलेखागार का 134वां स्थापना दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल नई दिल्ली में डिजिटल प्रदर्शनी “सुभाष अभिनंदन” का उद्घाटन करेंगे। इस डिजिटल प्रदर्शनी में सुभाष चंद्र बोस के जीवन के प्रमुख पहलुओं को 16 खंड में दर्शाया जाएगा।

प्रश्न 5. सी डिफेंडर्स-2024 का आयोजन कहाँ किया जा रहा है?

उत्तर – पोर्ट ब्लेयर

अमेरिका और भारत के मध्य पोर्ट ब्लेयर में संयुक्त अभ्यास ‘सी डिफेंडर्स-2024’ का आयोजन किया जाएगा। 9 व 10 मार्च 2024 को आयोजित यह अभ्यास इंडो-पैसिफिक समुद्री सहयोग को बढ़ावा देगा। अमेरिका की तरफ से यूनाइटेड स्टेट्स कोस्ट गार्ड (यूएससीजी) और भारत की तरफ से इंडियन कोस्ट गार्ड (आईसीजी) इस अभ्यास में भाग ले रहे हैं।

इस लेख को अंग्रेजी में पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

You may also like...

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *