ऑपरेशन सजग: तटीय सुरक्षा अभ्यास

भारतीय तटरक्षक ने 18 सितंबर, 2023 को पश्चिमी समुद्री तट पर ‘ऑपरेशन सजग’ नामक तटीय सुरक्षा अभ्यास का आयोजन किया। यह अभ्यास तटीय सुरक्षा को बढ़ाने वाले सभी हितधारकों को शामिल करने के लिए संचालित किया गया था।

ऑपरेशन सजग: समुद्री अभ्यास

ऑपरेशन सजग अभ्यास समुद्र में मछुआरों के बीच जागरूकता लाने के साथ तटीय सुरक्षा तंत्र के पुनर्मूल्यांकन की सुविधा भी देता है। अभ्यास के दौरान भारतीय तटरक्षकों द्वारा समुद्र में मछली पकड़ने वाली सभी नौकाओं, नावों और छोटे जहाजों के आवश्यक दस्तावेजों तथा चालक दल पास की व्यापक जांच एवं सत्यापन किया गया। ऑपरेशन सजग में सीमा शुल्क, समुद्री पुलिस, बंदरगाहों और भारतीय नौसेना सहित कुल 118 जहाजों ने भाग लिया।

इस अभ्यास में तटीय सुरक्षा व्यवस्था को सशक्त करने के उद्देश्य से मछुआरों के लिए बायोमेट्रिक कार्ड जारी करने, प्रत्येक राज्य के अनुसार मछली पकड़ने वाली नौकाओं की रंग कोडिंग, मछली उतारने वाले केंद्रों की व्यवस्था और प्रवेश/निकास जांच बिंदुओं पर पूर्ण नियंत्रण व तटीय मानचित्रण जैसे उपायों को शामिल किया गया। इसके अलावा अभ्यास में सुरक्षा एजेंसियों के लिए विशिष्ट समुद्री बैंड आवृत्ति नामित करना, भारतीय तट रक्षक द्वारा समुद्री पुलिस कर्मियों का प्रशिक्षण आदि भी शामिल किया गया। सुरक्षा एजेंसियों को बायोमेट्रिक कार्ड रीडर भी प्रदान किए गए। तटीय सुरक्षा व्यवस्था के तहत द्वीपों की सुरक्षा और सामुदायिक संपर्क कार्यक्रमों को संस्थागत बनाया गया है।

ऑपरेशन सजग का आयोजन तटीय सुरक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए हर महीने में एक बार किया जाता है। इस अभ्यास से प्राप्त परिणामों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाती है। यह अभ्यास महत्वपूर्ण प्रशिक्षण परिणाम को सामने लाने और तटीय सुरक्षा में प्राप्त हुए रुझानों को प्रस्तुत करने के अलावा विभिन्न तटीय सुरक्षा उपायों के कार्यान्वयन को सत्यापित करने में सक्षम बनाता है।

भारतीय तटरक्षक बल ने बताया कि यह अभ्यास गुजरात, दमन और दीव, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, केरल और माहे, लक्षद्वीप के तटों की सुरक्षा के संबंध में था। इस अभ्यास में समुद्री पुलिस और अन्य हितधारकों के साथ निर्बाध समन्वय देखा गया।

इस लेख को अंग्रेजी में पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

You may also like...

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *