नोमैडिक एलीफेंट 2023: भारत-मंगोलिया संयुक्त सैन्य अभ्यास

द्विपक्षीय संयुक्त सैन्य अभ्यास नोमैडिक एलीफेंट 2023 का आयोजन मंगोलिया के उलानबटार में भारत और मंगोलिया के बीच किया जा रहा है। नोमैडिक एलीफेंट के 15वें संस्करण का आयोजन 17 से 31 जुलाई, 2023 तक किया जा रहा है। नोमैडिक एलीफेंट 2023 में भाग लेने के लिए भारतीय सेना के 43 जवानों की टुकड़ी ने 16 जुलाई को ही भारतीय वायु सेना के सी-17 विमान द्वारा मंगोलिया के लिए प्रस्थान किया।

नोमैडिक एलीफेंट अभ्यास के बारे में

नोमैडिक एलीफेंट अभ्यास, भारत और मंगोलिया का एक वार्षिक प्रशिक्षण कार्यक्रम है। इस अभ्यास का आयोजन मंगोलिया और भारत में वैकल्पिक रूप से किया जाता है। नोमैडिक एलीफेंट के 14वें संस्करण का आयोजन अक्टूबर, 2019 में विशेष बल प्रशिक्षण विद्यालय (स्पेशल फॉर्सिज़ ट्रेनिंग स्कूल), बकलोह में किया गया था।

इस सैन्य अभ्यास में भारत की तरफ से जम्मू-कश्मीर लाइट इन्फैंट्री रेजिमेंट के सैनिक और मंगोलिया की तरफ से मंगोलियाई सशस्त्र बल यूनिट 084 के सैनिक भाग लें रहे हैं। इस अभ्यास का उद्देश्य दोनों देशों के बीच सकारात्मक सैन्य संबंध, सर्वोत्तम सैन्य प्रथाओं का आदान-प्रदान, द्विपक्षीय अंतर-संचालनीयता, मिलनसार व्यवहार, सौहार्द और मित्रता को सुदृढ़ करना है। संयुक्त राष्ट्र के अधिदेश के तहत इस सैन्य अभ्यास का प्राथमिक उद्देश्य पहाड़ी इलाकों में आतंकवादी गतिविधियों पर रोक लगाना हैं।

इस सैन्य अभ्यास में प्लाटून स्तर का फील्ड प्रशिक्षण अभ्यास (एफटीएक्स) शामिल है। सैन्य अभ्यास के दौरान भारतीय और मंगोलियाई सैनिक अपनी क्षमताओं और कौशल को बढ़ावा देने के लिए बनाई गई विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों में भाग लेंगे। इन प्रशिक्षण गतिविधियों में सहनशक्ति प्रशिक्षण, रिफ्लेक्स फायरिंग, रूम इंटरवेंशन, छोटी टीम रणनीति और पर्वतीय अभ्यास (रॉक क्राफ्ट फायरिंग) को शामिल किया गया हैं।

भारत और मंगोलिया, क्षेत्रीय सुरक्षा और सहयोग के लिए प्रतिबद्ध हैं। नोमैडिक एलीफेंट-23 अभ्यास भारतीय सेना और मंगोलियाई सेना के बीच रक्षा सहयोग में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा, जो दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और अधिक बढ़ावा देगा।

इस लेख को अंग्रेजी में पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

You may also like...

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *