एनसीईआरटी ने छात्रों के लिए लॉन्च किया अपना चंद्रयान वेब पोर्टल

केंद्रीय शिक्षा और कौशल विकास एवं उद्यमिता के मंत्रालय के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग (डीओएसईएल) के तत्वावधान में एनसीईआरटी ने छात्रों के लिए चंद्रयान-3 की गतिविधि पर आधारित सहायता सामग्री के साथ ‘अपना चंद्रयान’ नामक वेब पोर्टल विकसित किया है। इस वेब पोर्टल को केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने 17 अक्टूबर 2023 को नई दिल्ली में लॉन्च किया है। 

अपना चंद्रयान वेब पोर्टल

‘अपना चंद्रयान’ पोर्टल पर चंद्रयान-3 मिशन पर स्कूली छात्रों के लिए गतिविधि-आधारित सहायता सामग्री जैसे कि क्विज़, पहेलियां आदि उपलब्ध कराई गई है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस दौरान चंद्रयान-3 पर 10 विशेष मॉड्यूल भी जारी किए हैं। ये विशेष मॉड्यूल मिशन के विभिन्न पहलुओं के बारे में व्यापक रूप से जानकारी देते हैं, जिसमें वैज्ञानिक, तकनीकी और सामाजिक पहलुओं के साथ-साथ इस मिशन में शामिल वैज्ञानिकों की भावनात्मक यात्रा और टीम भावना को भी वर्णित किया गया है। 

इस कार्यक्रम में चंद्रयान-3 की यात्रा पर आधारित एक लघु फिल्म दिखाई गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र ने चंद्रयान-3 की सफलता को 21वीं सदी की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि इस मिशन ने छात्र वर्ग को अधिक प्रेरित किया है। अब छात्रों में प्रौद्योगिकी को समझने के लिए आत्मविश्वास जगा है, ऐसे में यह पोर्टल उनमें वैज्ञानिक चेतना विकसित करने में मदद करेगा। इस अवसर पर श्री प्रधान ने एनसीईआरटी को ऐसी सामाजिक कहानियों को सामने लाने का सुझाव दिया जो शिक्षा को सुलभ, किफायती, गुणात्मक बनाने के साथ-साथ समाज में लैंगिक समानता लाए।

‘अपना चंद्रयान’ वेब पोर्टल के लॉन्चिंग अवसर पर सम्मानित अतिथि के रूप में इसरो के अध्यक्ष और अंतरिक्ष विभाग के सचिव डॉ. श्रीधर पणिक्कर सोमनाथ शामिल हुए। डॉ. सोमनाथ ने चंद्रयान की कहानियों को देश के युवा छात्रों तक ले जाने की पहल के लिए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का आभार व्यक्त किया। डॉ. सोमनाथ ने छात्रों से 21 अक्टूबर 2023 को सुबह 08:00 बजे गगनयान के प्रक्षेपण को देखने का अनुरोध भी किया। अन्य अतिथि गणों में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव संजय कुमार, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव के. संजय मूर्ति, कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय के अतुल कुमार तिवारी, एआईसीटीई के अध्यक्ष प्रोफेसर टी. जी. सीताराम, यूजीसी के अध्यक्ष प्रो. एम. जगदीश कुमार, एनसीईआरटी के निदेशक, डॉ. दिनेश प्रसाद सकलानी, शिक्षा मंत्रालय के अधिकारी, गणमान्य लोग और छात्र भी मौजूद थे।

इस लेख को अंग्रेजी में पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें

You may also like...

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *